BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: साहिबगंज में हाइवा ने टोटो को रौंदा, तीन की मौत सहित दो की हालत गंभीर

साहिबगंज/बरहरवा: झारखंड के साहिबगंज जिले में रांगा थाना क्षेत्र के तलबड़िया के पास केशरो मोड़ पर गुरुवार रात करीब 9:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा और टोटो (ई-रिक्शा) के बीच आमने-सामने की टक्कर में टोटो चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बरहरवा के मुगलापाड़ा निवासी सूरज खान और आहिल खान के रूप में बताई गई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

टक्कर इतनी जोरदार कि हाइवा के पहियों में फंसे शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, टोटो पर सवार पांच लोग बरहेट से बरहरवा लौट रहे थे। इसी दौरान तलबड़िया की ओर से बरहेट जा रहे हाइवा से केशरो मोड़ के पास टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो में सवार दो लोगों के शव हाइवा के अगले और पिछले हिस्से के पहियों के पास फंस गए।शवों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों को शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित किया गया

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को टोटो से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मुगलापाड़ा निवासी साहिल शेख (19) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, पतना चौक निवासी किशोर साह (25) और मुगलापाड़ा निवासी कोयम खान के शव हाइवा में फंसे होने की जानकारी दी गई।घायलों में सूरज खान और आहिल खान की हालत गंभीर बताई गई है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव निकालने का चला अभियान

घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से हाइवा में फंसे शवों को बाहर निकालने में जुटी थी।हादसे की खबर मिलने के बाद अस्पताल में मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटनास्थल पर भी लोगों की भीड़ जुट गई थी।

फल-सब्जी बेचकर लौट रहे थे सभी

बताया जा रहा है कि मृतकों और घायलों में अधिकांश लोग फल और सब्जी बेचने का काम करते थे। सभी एक ही टोटो से बरहरवा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button