Jharkhand: गम्हरिया में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, 1,000 फुटपाथी दुकानदारों को 24 घंटे का अल्टीमेटम

गम्हरिया : दुर्गापूजा को देखते हुए गम्हरिया क्षेत्र को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला प्रशासन के निर्देश पर अंचल कार्यालय ने सर्विस रोड पर दुकान लगाने वाले करीब एक हजार फुटपाथी दुकानदारों को 24 घंटे के भीतर सड़क खाली करने का निर्देश दिया है। वहीं, आदित्यपुर नगर निगम की ओर से टाटा-कांड्रा मार्ग समेत आसपास के इलाकों में सफाई अभियान चलाकर सड़कों के किनारे जमा कचरे को हटाया जा रहा है।
उपायुक्त से शिकायत के बाद तेज हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों स्थानीय लोगों ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को गम्हरिया में जगह-जगह कचरे के ढेर, सर्विस रोड और विभिन्न वार्डों में नियमित सफाई नहीं होने तथा सड़क पर अतिक्रमण से हो रही परेशानियों से अवगत कराया था।इसके बाद आदित्यपुर नगर निगम ने सफाई अभियान तेज किया। अभियान के तहत सड़कों के किनारे जमा कचरे को हटाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम का यह अभियान अभी भी जारी है।
लाल बिल्डिंग से बोलायडीह रोड तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश
इधर, गुरुवार सुबह अंचल निरीक्षक बलदेव सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान आदित्यपुर थाना की पुलिस भी मौजूद रही।प्रशासनिक टीम ने लाल बिल्डिंग से ऊषा मोड़, प्रखंड मुख्यालय से दुर्गापूजा मैदान और बोलायडीह रोड तक सर्विस रोड को अतिक्रमणमुक्त करने का निर्देश दिया। अभियान के दौरान सर्विस रोड पर सामान रखकर रास्ता बाधित करने वाले कई स्थायी दुकानदारों को फटकार लगाई गई। साथ ही, सड़क पर रखे सामान को तत्काल हटवाया गया।
शुक्रवार तक सड़क खाली करने का अल्टीमेटम
प्रशासन ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी दुकानें और सामान सड़क से हटा लें, ताकि आवागमन बाधित न हो।अधिकारियों ने चेतावनी दी कि शुक्रवार तक सड़क खाली नहीं करने वाले दुकानदारों का अतिक्रमण बलपूर्वक हटाया जा सकता है। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
अभियान में प्रशासन और पुलिस की टीम रही मौजूद
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान वरीय राजस्व कर्मी राकेश कुमार, अंचल अमीन सूरज कुमार, आदित्यपुर थाना के अवर निरीक्षक विक्रम आदित्य पांडेय समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना, सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाना और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाना है।



