Jharkhand: टाटा स्टील ने लॉन्च किया ‘श्रम लाभ’ ऐप, ठेका कर्मियों को एक क्लिक पर मिलेगी सैलरी, ईपीएफ और ईएसआइसी की जानकारी

जमशेदपुर: टाटा स्टील ने अपने संविदा यानी ठेका कर्मियों को रोजगार से जुड़ी सटीक जानकारी, सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाओं से सीधे जोड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘श्रम लाभ’ विकसित किया है। इस मोबाइल ऐप के माध्यम से कर्मचारी अपने सेफ्टी पास नंबर का इस्तेमाल कर एक ही जगह पर वेतन पर्ची, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी और वैधानिक अधिकारों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।कंपनी की इस पहल का उद्देश्य ठेका कर्मियों तक जरूरी जानकारियां और सुविधाएं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है ‘श्रम लाभ’ ऐप

‘श्रम लाभ’ ऐप को टाटा स्टील जमशेदपुर के कांट्रैक्टर सेल ने मुख्य एचआरबीपी (स्टील) यशवंत कुमार पांडेय के नेतृत्व में तैयार किया है। ऐप हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, ताकि कर्मचारी अपनी सुविधानुसार इसका इस्तेमाल कर सकें।ऐप के जरिए ठेका कर्मियों को उनकी पे-स्लिप, न्यूनतम मजदूरी, कर्मचारी भविष्य निधि , कर्मचारी राज्य बीमा निगम , वैधानिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी जानकारी मिलेगी।

शिकायत निवारण और काउंसलिंग की सुविधा भी

‘श्रम लाभ’ को केवल जानकारी देने वाला प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि कर्मचारियों की सहायता के माध्यम के रूप में भी विकसित किया गया है। इसमें शिकायत निवारण, सुरक्षा से जुड़े संसाधन और भावनात्मक परामर्श यानी काउंसलिंग की सुविधा शामिल है।इसके अलावा, संस्था ‘हकदर्शक’ के साथ एकीकरण के जरिए कर्मचारी अपनी पात्रता के अनुसार सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे श्रमिकों को उनके लिए उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानने में मदद मिलेगी।

1 अक्टूबर को टीवी नरेंद्रन ने किया था उद्घाटन

टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने 1 अक्टूबर 2026 को ‘श्रम लाभ’ ऐप का औपचारिक उद्घाटन किया था। इसके बाद ठेका कर्मियों को ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए ‘श्रम शक्ति: डिजिटल पहल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान उप श्रम आयुक्त अरविंद कुमार और टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) चैतन्य भानु की उपस्थिति में ऐप का लाइव प्रदर्शन किया गया। साथ ही, जागरूकता सत्रों के माध्यम से कर्मचारियों को इसकी सुविधाओं और उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

ठेका कर्मियों के मतदान से चुना गया ऐप का नाम

कंपनी के अनुसार, ऐप का नाम ‘श्रम लाभ’ संविदा कर्मियों के बीच कराए गए मतदान के आधार पर चुना गया है। यह पहल श्रमिकों को उनके वेतन, सामाजिक सुरक्षा, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया कदम है।टाटा स्टील की इस पहल से ठेका कर्मियों को रोजगार संबंधी जानकारियां हासिल करने, शिकायत दर्ज कराने और उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version