Jharkhand: राज्यपाल बनने के बाद पैतृक गांव पहुंचे बृजमोहन राम, मां उग्रतारा मंदिर में की पूजा-अर्चना
लातेहार/चंदवा: ओडिशा के नए राज्यपाल का पद संभालने के बाद बृजमोहन राम अपने पैतृक आवास लातेहार जिले के चंदवा पहुंचे। यहां उन्होंने परिवारजनों और समर्थकों के साथ मां उग्रतारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माता से अपने नए दायित्व का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आशीर्वाद मांगा।
कार्यकर्ता से राज्यपाल तक के सफर को किया याद
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बृजमोहन राम ने अपने राजनीतिक सफर और संघर्षों को साझा किया। उन्होंने एक कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत करने से लेकर विधायक, सांसद और राज्यपाल तक पहुंचने के सफर का जिक्र किया।उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने दी बधाई
बृजमोहन राम के चंदवा पहुंचने पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया तथा नए दायित्व के लिए बधाई दी। उनके आगमन को लेकर समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।