Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: खेलते समय गले में लिपटी प्लास्टिक रस्सी, 10 वर्षीय मासूम की मौत

सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू की मौत हो गई। धर्मशाला मोड़ के समीप खेलने के दौरान बच्चे के गले में कार्टून बांधने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की रस्सी लिपट गई। परिजनों को जब तक घटना की जानकारी हुई, बच्चा बेसुध हो चुका था।हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर खेल रहा था गोलू

घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान तापस सिंह मोदक के पुत्र रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, गोलू रोज की तरह शनिवार को भी घर के बाहर खेलने निकला था। उस समय उसकी दादी घर के अंदर मौजूद थीं। कुछ देर तक जब गोलू की आवाज सुनाई नहीं दी तो दादी उसे देखने के लिए बाहर निकलीं।बाहर पहुंचने पर गोलू जमीन पर बेसुध पड़ा मिला। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी लिपटी हुई थी।

अस्पताल पहुंचने से पहले थम चुकी थीं सांसें

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे को लेकर तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।परिजनों के अनुसार, रस्सी के गले में दबाव पड़ने से बच्चे का दम घुट गया। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे के गले में रस्सी किस परिस्थिति में लिपटी और हादसा कैसे हुआ।पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।

मां के निधन के बाद दादी कर रही थीं देखभाल

बताया जाता है कि गोलू दो भाइयों में सबसे छोटा था और अपने चंचल स्वभाव के कारण परिवार का दुलारा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था। इसके बाद दादी ही उसकी देखभाल कर रही थीं।शनिवार को जब दादी ने अपने पोते को घर के बाहर बेसुध अवस्था में देखा तो वह बदहवास हो गईं। बच्चे की अचानक मौत से परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो दिन पहले दिल्ली गए थे पिता

मृतक बच्चे के पिता तापस सिंह मोदक दो दिन पहले ही दिल्ली गए थे। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। जिस बच्चे की आवाज कुछ देर पहले तक घर और आसपास के इलाके में गूंज रही थी, उसकी अचानक मौत से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button