Jharkhand: पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्राएं भूख हड़ताल पर बैठीं, मेस संचालक को हटाने और भोजन-पानी में सुधार की मांग

बसौरा स्थित पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज की सैकड़ों छात्राएं मेस में कथित तौर पर खराब खाना परोसे जाने और पीने के पानी की व्यवस्था को लेकर गुरुवार दोपहर से कॉलेज गेट के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गईं। छात्राओं ने मेस संचालक को हटाने और भोजन-पानी की व्यवस्था में सुधार की मांग की। छात्राओं के समर्थन में कॉलेज के छात्र भी धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।

उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज पहुंची मेडिकल और जांच टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने कॉलेज में मेडिकल टीम भेजने के साथ लेस्लीगंज बीडीओ सह सीओ जागो महतो, सदर एसडीओ संजय तिवारी और फूड सेफ्टी विभाग की टीम को कॉलेज भेजकर मामले की जांच और छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया।सदर एसडीओ की निगरानी में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने कॉलेज के दोनों मेस में तैयार किए जा रहे भोजन और इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की। जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्री को लैब में परीक्षण के लिए लिफाफे में पैक कर सील किया गया।

छात्राओं ने लगाए भोजन में कीड़े और कंकड़ मिलने के आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप था कि मेस में उन्हें कथित तौर पर गुणवत्ताहीन और गंदा खाना दिया जाता है। उनका कहना है कि कई बार भोजन में कीड़े, कंकड़ और सीसा मिलने की शिकायत सामने आई है। छात्राओं ने मेस की थालियों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।छात्र-छात्राओं का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं पर उचित संज्ञान नहीं लिया जाता। इसके अलावा कॉलेज में पीने के लिए पर्याप्त साफ पानी उपलब्ध नहीं होने की भी शिकायत की गई। छात्रों के मुताबिक, उन्हें मजबूर होकर बाजार से पानी की बोतल खरीदनी पड़ती है।

मेस संचालक को हटाने की मांग पर अड़ी रहीं छात्राएं

छात्राएं मेस संचालक को हटाने और भोजन की गुणवत्ता में सुधार की मांग पर देर रात तक धरने पर बैठी रहीं। उनका कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।मामले को लेकर प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की ओर से छात्र-छात्राओं से बातचीत की गई।

आश्वासन के बाद देर रात खत्म हुआ आंदोलन

देर रात सदर एसडीओ संजय तिवारी, लेस्लीगंज बीडीओ जागो महतो और कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय सिंह ने छात्र-छात्राओं से बातचीत की। अधिकारियों और कॉलेज प्रबंधन ने उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।प्रशासन की ओर से कॉलेज में हर सप्ताह निरीक्षण किए जाने और मेस संचालन के लिए योग्य संचालक की व्यवस्था करने समेत छात्र-छात्राओं की अन्य मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भूख हड़ताल समाप्त की और अपने हॉस्टल लौट गए।

Exit mobile version