Bihar : राघोपुर के तेरसिया-सरायपुर में बाढ़ का तांडव, ट्रैक्टर व एनडीआरएफ बोट पर सवार होकर सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री ने जाना दर्द

हाजीपुर :बिहार के हाजीपुर अंतर्गत राघोपुर प्रखंड के तेरसिया और सरायपुर समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लेने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को पहुंचे। केंद्रीय मंत्री और डिप्टी सीएम ने जमीनी स्तर पर बाढ़ की विभीषिका और फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत मुआयना किया।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे हाजीपुर; फिर ट्रैक्टर और बोट से किया निरीक्षण
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री और बिहार के सीएम का अलग ही अंदाज देखने को मिला।दोनों नेता हाजीपुर तक हेलीकॉप्टर से पहुंचे, जिसके बाद वाहनों के काफिले के साथ सीधे राघोपुर के दियारा और बाढ़ प्रभावित इलाकों में दाखिल हुए।एनडीआरएफ की बोट पर सवार होकर मंत्रियों ने बाढ़ के पानी में डूबी झोपड़ियों, जलमग्न बस्तियों और बर्बाद हुई केले की फसलों (केले के क्षतिग्रस्त पेड़ों) का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। पानी से घिरे अंदरूनी इलाकों और खेतों तक पहुंचने के लिए सम्राट चौधरी और शिवराज सिंह चौहान ट्रैक्टर पर सवार हुए और किसानों के बीच पहुंचकर फसलों की क्षति का आकलन किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम; चप्पे-चप्पे पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मुस्तैद
हाई-प्रोफाइल वीवीआईपी दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया था।दौरे के समय वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, एसपी शुभांक मिश्रा, हाजीपुर के बीजेपी विधायक अवधेश सिंह सहित जिला प्रशासन और कृषि विभाग के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।
“किसानों और बाढ़ पीड़ितों को मिलेगी पूरी सहायता”
निरीक्षण के उपरांत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने स्थानीय प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई फसल क्षति और जान-माल के नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को सरकारी प्रावधानों के तहत अविलंब उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।



