Jharkhand: विजया गार्डन में 10वीं मंजिल से गिरकर पूर्व टाटा स्टील अधिकारी की मौत

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी 62 वर्षीय संदीप पाल की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।
गंभीर हालत में टीएमएच ले जाया गया
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद संदीप पाल को गंभीर अवस्था में तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों के मुताबिक, संदीप पाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान थे। करीब 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर जमशेदपुर लौटे थे। बताया गया कि बेटी की पढ़ाई और भविष्य को लेकर वह चिंतित रहते थे।
टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर रह चुके थे संदीप पाल
टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर कार्यरत रह चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे।उनकी अचानक मौत की खबर मिलने के बाद परिचितों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। घटना से परिवार में मातम का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है, ताकि घटना की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



