Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बहरागोड़ा में 113 किलो गांजा बरामद, कार सवार तस्कर गिरफ्तार

बहरागोड़ा: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कालियाडींगा चौक के पास पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 113 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से गांजा तस्करी के आरोप में ओडिशा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

एनएच-49 और एनएच-18 के संगम पर पुलिस की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात बहरागोड़ा पुलिस की टीम एनएच-49 और एनएच-18 के संगम स्थल कालियाडींगा चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की टाटा कर्व कार को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिनकन स्वैन (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के पुरी जिले के निमापाड़ा थाना क्षेत्र के गुआतीरा गांव का रहने वाला बताया गया है।पुलिस ने आरोपी को गांजा और वाहन के साथ गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

ओडिशा से खड़गपुर ले जाने की थी तैयारी

ग्रामीण एसपी शुभम कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक व्यक्ति कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर की ओर जा रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कालियाडींगा चौक के पास वाहन जांच तेज की और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में 113 किलो गांजा बरामद होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

60 लाख रुपये आंकी गई गांजे की कीमत

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे खड़गपुर में किसे पहुंचाया जाना था।

कांड संख्या 53/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज

मामले में मंगलवार को बहरागोड़ा थाना में कांड संख्या 53/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button