Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: दलमा में 1 करोड़ के इनामी असिम मंडल समेत 6 नक्सलियों के नए पोस्टर जारी; एमजीएम,पटमदा व घाटशिला के गांवों में चस्पा

जमशेदपुर :दलमा अभयारण्य और उससे सटे झारखंड-पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस प्रशासन द्वारा दलमा क्षेत्र में सक्रिय 1 करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली असिम मंडल उर्फ आकाश और उसके दस्ता के 5 अन्य वांछित सहयोगियों के नए पोस्टर जारी किए गए हैं। इन पोस्टरों को हाट-बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया जा रहा है।

1 करोड़ से लेकर 1 लाख तक के इनामी 6 उग्रवादी निशाने पर

पटमदा डीएसपी नित्यानंद ने बताया कि पुलिस द्वारा जारी किए गए नए पोस्टरों में कुल छह वांछित उग्रवादियों के नाम, फोटो और उन पर घोषित सरकारी इनाम की राशि स्पष्ट रूप से दर्ज की गई है जिसमें असिम मंडल उर्फ आकाश: 1 करोड़ रुपये का इनामी (शीर्ष माओवादी नेता),राम प्रसाद उर्फ सचिन: 15 लाख रुपये का इनामी,मीता:10 लाख रुपये की इनामी,मंगल सिंह सरदार: 5 लाख रुपये का इनामी,मालती मुर्मू: 2 लाख रुपये की इनामी,बुलू महतो:1 लाख रुपये का इनामी।

सूचना देने वाले की पहचान रहेगी पूरी तरह गुप्त

पुलिस प्रशासन द्वारा एमजीएम थाना क्षेत्र, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और दलमा तराई से सटे दर्जनों सीमावर्ती गांवों में ये पोस्टर लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि इन उग्रवादियों के मूवमेंट, उनके छिपने के ठिकानों या सहयोगियों के बारे में कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या वरीय अधिकारियों को सूचित करें। सूचना देने वाले ग्रामीण की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी तथा सरकार द्वारा निर्धारित इनाम की राशि तत्काल प्रदान की जाएगी।

कोबरा बटालियन का सर्च ऑपरेशन जारी; मदन महतो की गिरफ्तारी के बाद सतर्कता

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में दुर्दांत नक्सली मदन महतो की गिरफ्तारी के बाद असिम मंडल और उसके दस्ते की नई रणनीतियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

आशंका जताई जा रही है कि असिम मंडल अपने पांचों सशस्त्र साथियों के साथ दलमा के घने जंगलों और बंगाल सीमा के त्रिमुहानी क्षेत्रों में कहीं शरण लिए हुए है। इसी संभावना को देखते हुए जिला पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीमों द्वारा दलमा के दुर्गम जंगलों में लगातार सर्च अभियान और कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button