BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: इंटरमीडिएट स्तर की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा रद्द, अभ्यर्थियों को झटका

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत आयोजित होने वाली झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अहर्ता धारक पद हेतु) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है। आयोग के इस फैसले से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है।

विभाग ने वापस लीं दोनों विज्ञापनों से संबंधित अधियाचनाएं

जेएसएससी की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार ने पत्र संख्या-4919, दिनांक 29 जुलाई 2026 के माध्यम से विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 से संबंधित सभी अधियाचनाएं वापस ले ली हैं।अधियाचनाएं वापस लिए जाने के बाद आयोग ने दोनों विज्ञापनों के तहत प्रस्तावित संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया।

अब आयोजित नहीं होगी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा

आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 के अंतर्गत विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए प्रस्तावित परीक्षा अब आयोजित नहीं की जाएगी। इसके साथ ही इन दोनों विज्ञापनों के तहत चल रही भर्ती प्रक्रिया समाप्त मानी जाएगी।

कंप्यूटर ज्ञान और हिंदी टंकण योग्यता वाले अभ्यर्थी होंगे प्रभावित

यह परीक्षा मुख्य रूप से कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण की अहर्ता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जानी थी। परीक्षा रद्द होने की सूचना के बाद तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के बीच निराशा का माहौल है।अब अभ्यर्थियों की नजर राज्य सरकार और जेएसएससी की ओर से जारी होने वाली आगामी भर्ती प्रक्रियाओं पर रहेगी।

भविष्य में नई भर्ती का रास्ता खुला

दोनों अधियाचनाएं वापस लिए जाने के कारण मौजूदा भर्ती प्रक्रिया समाप्त हो गई है। हालांकि, भविष्य में राज्य सरकार की ओर से इन्हीं पदों के लिए नई अधियाचना भेजी जाती है, तो जेएसएससी के माध्यम से नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button