Bihar INFACTNews

Bihar: बिहार में छात्र आंदोलन पर एके-47 फायरिंग के आरोप को लेकर तेजस्वी यादव का राजभवन मार्च, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया

पटना: बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान एके-47 से फायरिंग के आरोप को लेकर बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल ने राजधानी पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी ने जेपी गोलंबर से राजभवन तक करीब 5 किलोमीटर लंबा मार्च निकाला। मार्च में आरजेडी सांसद मीसा भारती समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने सीवान की घटना को लेकर सरकार से जवाब मांगा और छात्रों पर कथित फायरिंग के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। तेजस्वी यादव ने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आरजेडी का आंदोलन जारी रहेगा।

डाकबंगला चौराहे पर पुलिस से धक्का-मुक्की

राजभवन मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की गई। कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से पुलिस की तरफ पानी की बोतलें फेंके जाने की भी जानकारी सामने आई।मार्च में कुछ लोग लकड़ी से बनी एके-47 जैसी आकृति लेकर भी पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इनकम टैक्स चौराहे के पास वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

तेजस्वी यादव और मीसा भारती हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव और आरजेडी सांसद मीसा भारती को हिरासत में ले लिया। दोनों को सचिवालय थाना ले जाया गया। करीब एक घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया।रिहाई के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए छात्रों पर कथित एके-47 फायरिंग को लेकर जिम्मेदारी तय करने की मांग दोहराई।

तेजस्वी का सवाल- छात्रों पर एके-47 चलाने का आदेश किसने दिया?

तेजस्वी यादव ने सरकार से सवाल किया कि छात्रों पर एके-47 चलाने का आदेश किसने दिया था। उन्होंने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। तेजस्वी ने चेतावनी दी कि जब तक मुख्यमंत्री जिम्मेदारी तय नहीं करते और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, आरजेडी का संघर्ष जारी रहेगा।

राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन

तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सड़क पर मार्च के बीच आरजेडी के एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल के सचिव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्र आंदोलन, परीक्षा व्यवस्था, रोजगार और सीवान में कथित फायरिंग की घटना से जुड़े मुद्दे उठाए गए।

मनोज झा ने परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

आरजेडी नेता मनोज कुमार झा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कथित एके-47 फायरिंग मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका आरोप था कि सरकार ने शिक्षा और रोजगार से जुड़े ढांचे को कमजोर किया है।

पुलिस ने संयम बरतने के दिए निर्देश

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। एएसपी लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जवानों को संयम बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने झंडे का सम्मान बनाए रखने और लाठी के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की बात कही।

करीब पांच साल बाद बड़े आंदोलन में सड़क पर उतरे तेजस्वी

तेजस्वी यादव लंबे अंतराल के बाद किसी बड़े मुद्दे को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करते नजर आए। आरजेडी ने इस मार्च के जरिए छात्र आंदोलन, परीक्षा व्यवस्था और कथित फायरिंग के मुद्दे पर बिहार सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि सरकार इन आरोपों पर क्या जवाब देती है और सीवान की घटना की जांच में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button