रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कांग्रेस के मंत्री और कई विधायकों ने मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने 17 अगस्त 2026 को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र हित में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों का स्वागत किया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता की भी सराहना की।
टीडीपीएल की परीक्षाएं रद्द करने के फैसले का स्वागत
कांग्रेस नेताओं ने टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रभावित विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। साथ ही उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता भी दूर होगी।नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर सरकार की ओर से लिया गया यह निर्णय इसी संवेदनशील सोच को दर्शाता है।
युवाओं के भविष्य की रक्षा सरकार की प्राथमिकता: हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कांग्रेस के मंत्री और विधायकों का आभार जताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी इसी भावना के साथ काम करती रहेगी।
विकास और छात्र कल्याण के मुद्दों पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं के बीच राज्य में चल रही विकास योजनाओं, जनहित और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से संवाद हुआ।इस दौरान सरकार की ओर से युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तथा जनहित के अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।
ये मंत्री और विधायक रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की के अलावा विधायक कल्पना सोरेन, रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी समेत अन्य नेता शामिल रहे।
