गिरिडीह। जिले में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। पीरटांड में 172 एकड़ वन भूमि पर भव्य चिड़ियाघर (जू) का निर्माण किया जाएगा। पांच मौजा की जमीन पर प्रस्तावित यह जू संथाल परगना ही नहीं, बल्कि उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र का भी सबसे बड़ा चिड़ियाघर होगा। इसके निर्माण से गिरिडीह में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर बुधवार को उपायुक्त रामनिवास यादव और वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) मनीष तिवारी ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित जू की योजना और इसकी विशेषताओं की जानकारी दी।
पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जू के निर्माण से जिले में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे न केवल गिरिडीह को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
घायल वन्यजीवों के रेस्क्यू और उपचार की होगी व्यवस्था
डीएफओ मनीष तिवारी ने बताया कि प्रस्तावित जू की प्रमुख विशेषता घायल वन्यजीवों के रेस्क्यू और उपचार की सुविधा होगी। जंगल या अन्य स्थानों पर जख्मी हालत में मिलने वाले वन्यजीवों को रेस्क्यू कर यहां लाया जाएगा और उनका समुचित इलाज किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस तरह की विशेष सुविधा फिलहाल किसी अन्य जू में उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा पर्यटकों के अवलोकन के लिए यहां विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों को भी रखा जाएगा।
जू निर्माण के लिए नई जमीन का नहीं होगा अधिग्रहण
जमीन अधिग्रहण को लेकर उपायुक्त ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जू निर्माण के लिए किसी भी प्रकार की नई जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। परियोजना में केवल राज्य सरकार की ओर से पहले से अधिग्रहित वन भूमि का ही इस्तेमाल होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि गैरमजरुआ खास, गोचर या ग्रामीणों की निजी जमीन नहीं ली जाएगी। इससे स्थानीय ग्रामीणों को जमीन संबंधी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
