Bihar: सैनिकों के सम्मान में चेवाड़ा से लद्दाख तक दौड़ेगी 16 वर्षीय खुशबू, 45 दिनों में 2000 किमी से अधिक दूरी तय करने का लक्ष्य

शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले के चेवाड़ा की 16 वर्षीय धाविका खुशबू कुमारी सैनिकों के सम्मान में लद्दाख तक दौड़ लगाने जा रही हैं। उनका यह साहसिक अभियान बुधवार, 18 नवंबर से शुरू होगा। चेवाड़ा के आंबेडकर चौक से लद्दाख स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल तक 2000 किलोमीटर से अधिक की दूरी 45 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।खुशबू ने बताया कि उनके मन में देश और सैनिकों के प्रति गहरी आस्था और सम्मान है। इसी भावना ने उन्हें कारगिल वॉर मेमोरियल तक दौड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। अभियान की तैयारी के लिए वह पिछले कई दिनों से अभ्यास कर रही हैं। इस चुनौतीपूर्ण दौड़ को पूरा करने के लिए खुशबू प्रतिदिन 60 से 70 किलोमीटर दौड़ने का अभ्यास करती रही हैं।

आर्थिक तंगी के बावजूद नहीं मानी हार

खुशबू के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। वह पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास जारी रखा। गौशाला संचालक दीपक केवट की मदद और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने कई ट्रॉफियां अपने नाम की हैं।खुशबू अब अपनी सफलता के जरिए परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना चाहती हैं। इस अभियान में उनका हौसला बढ़ाने और मार्गदर्शन करने के लिए तीन सदस्यीय टीम एक वाहन के साथ उनके साथ रहेगी। टीम में दीपक केवट, गोलू कुमार और आशीष कुमार शामिल हैं। उनके इस प्रयास में लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली भी मदद कर रहे हैं।

16 घंटे में चेवाड़ा से देवघर तक दौड़ने का बनाया था रिकॉर्ड

इसी साल इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली खुशबू ने इससे पहले रांची और पटना में आयोजित मैराथन प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की है। इसी साल 25 मार्च को उन्होंने चेवाड़ा से दौड़ लगाकर देवघर स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर तक का सफर महज 16 घंटे में पूरा किया था। इस उपलब्धि को उन्होंने अपने रिकॉर्ड के रूप में बताया है।

कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों की याद में बना है वॉर मेमोरियल

लद्दाख के कारगिल जिले के द्रास में श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कारगिल वॉर मेमोरियल स्थित है। इसका निर्माण भारतीय सेना ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध यानी ऑपरेशन विजय में शहीद हुए भारतीय सैनिकों की स्मृति में कराया है।

‘अपना और जिले का नाम रोशन करना चाहती हूं’

खुशबू ने कहा, “मेरे मन में सेना के प्रति अथक सम्मान है। मैं कारगिल वॉर मेमोरियल तक की इस दौड़ को सफलतापूर्वक पूरा कर राष्ट्रीय स्तर पर अपना और अपने जिले का नाम रोशन करना चाहती हूं।”

Exit mobile version