Jharkhand: जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरे ऑटो में लगी भीषण आग, साउथ पार्क गोलचक्कर के पास मची अफरा-तफरी
जमशेदपुर: शहर के साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट मेरीज इंग्लिश हाईस्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक ऑटो में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरा ऑटो जलकर राख हो गया।
बच्चों को स्कूल ले जा रहा था ऑटो
बताया जाता है कि ऑटो चालक स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। ऑटो में आग लगते ही चालक और बच्चों के बीच हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलने पर टाटा अग्निशमन विभाग की दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऑटो सीएनजी से संचालित था। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सभी बच्चे सुरक्षित, ऑटो जलकर खाक
इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। हालांकि, आग की भयावहता के कारण ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के बाद कुछ समय तक साउथ पार्क गोलचक्कर के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही।