Bihar: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधायक के रूप में ली शपथ, बोले- बिहार की बेहतरी के लिए करूंगा काम

पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में बांकीपुर के विधायक के रूप में शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक विधानसभा परिसर में मौजूद रहे।शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने इसे अपने लिए गौरव और बड़ी जिम्मेदारी का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जिस सदन के सदस्य श्री बाबू, अनुग्रह नारायण सिंह, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, रामविलास पासवान और सुशील कुमार मोदी जैसे नेता रहे हैं, उसका सदस्य बनना उनके लिए सम्मान की बात है।
समाज और बिहार की बेहतरी के लिए काम करने का संकल्प
शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के विकास और समाज की बेहतरी के लिए जीवन के बहुमूल्य वर्ष समर्पित करने वाले नेताओं और विधायकों से प्रेरणा लेकर वह आगे काम करेंगे।उन्होंने कहा कि विधानसभा की जिम्मेदारी उनके लिए केवल राजनीतिक पद नहीं, बल्कि बिहार के लोगों के प्रति जवाबदेही है।
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को दी थी शिकस्त
प्रशांत किशोर ने 3 अगस्त को बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत दर्ज कर चुनावी राजनीति में अपनी शुरुआत की। उन्होंने भाजपा के नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया।प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,827 मत प्राप्त हुए। नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई थी, जिसके बाद उपचुनाव कराया गया।
दो साल में 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का दावा
विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के युवाओं के लिए बड़ा रोजगार लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा है कि अगले दो वर्षों में विधानसभा क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने बेरोजगार युवाओं से अपना सीवी उनके कार्यालय में जमा करने की अपील करते हुए कहा कि देशभर में उनके संपर्कों के जरिए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशे जाएंगे।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार का भी वादा
प्रशांत किशोर ने शिक्षा को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाना पसंद करें।उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो जरूरतमंद बच्चों के निजी स्कूलों में दाखिले और फीस की जिम्मेदारी उठाने का प्रयास करेंगे।
खाद्यान्न और सामाजिक सुरक्षा पर भी फोकस
बांकीपुर विधायक ने कहा कि रोजगार और शिक्षा के अलावा जरूरतमंद लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि फिलहाल युवाओं के लिए बिहार के साथ-साथ देश के दूसरे हिस्सों में भी रोजगार के अवसर तलाशने होंगे। वहीं, भविष्य में जन सुराज की सरकार बनने पर बिहार के भीतर ही रोजगार के अधिक अवसर पैदा करने पर जोर दिया जाएगा।



