रांची। झारखंड में जेपीएससी -जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच सोमवार को विधानसभा घेराव के लिए छात्रों का मार्च जारी है। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अपनी अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने विधानसभा की ओर बढ़ते हुए रास्ते में लगाए गए कई बैरिकेड्स तोड़ दिए।विधानसभा के करीब पहुंच रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
कई लेयर की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी इन अवरोधों को पार कर आगे बढ़ते रहे।विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इलाके में बीएनएसकी धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू है।
तीन दौर की बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति
दरअसल, जेपीएससी -जेएसएससी अभ्यर्थियों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। सोमवार से पहले हुई वार्ता में भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से अधिक समय तक बातचीत चली।बताया गया कि सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताकर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सीबीआई जांच समेत कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्र संगठनों ने विधानसभा मार्च का निर्णय लिया।
छात्रों ने लगाया रोकने का आरोप
आंदोलनकारी छात्रों का दावा है कि उन्हें रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है। छात्र संगठनों की ओर से प्रदर्शनकारियों से पुलिस के साथ झड़प नहीं करने और किसी भी उपद्रवी तत्व का साथ नहीं देने की अपील की गई है।छात्र संगठन ने सभी अभ्यर्थियों से शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च करने की अपील की है।
