Jharkhand: एलआईसी भवन के चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग,शार्ट सर्किट की आंशका

जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बिष्टुपुर इलाके में स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम भवन में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की चौथी मंजिल पर लगी, जहां से धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

रात करीब 2 बजे लगी आग

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की है। एलआईसी भवन के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा भवन के सुरक्षा कर्मियों ने सबसे पहले चौथी मंजिल से आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तत्काल एलआईसी प्रबंधन, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और दमकल की टीम पहुंच गई।

भवन में मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया

घटना के समय एलआईसी भवन के अंदर दो कर्मचारी मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया।आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की चार गाड़ियां मौके पर लगाई गईं।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत की। टीम ने आग को भवन की अन्य मंजिलों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।लगातार कार्रवाई के बाद सुबह करीब 4 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद भी दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी की।

चौथी मंजिल पर एलआईसी कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल

बताया जा रहा है कि जिस चौथी मंजिल पर आग लगी, वहां एलआईसी का कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल संचालित होता है। आग के कारण इस हिस्से में रखे फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है।घटना की सूचना मिलने के बाद एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रारंभिक अनुमान

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन भी विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।

Exit mobile version