जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुगसलाई थाना पुलिस ने आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से नशीले पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घोड़ा चौक के समीप एक युवक को 17.274 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम
ग्रामीण एसपी शुभम के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।टीम ने सूचना के आधार पर घोड़ा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
सूटकेस और बैग से मिले 17 पैकेट
पुलिस के मुताबिक, युवक के पास मौजूद काले रंग के सूटकेस और फिरोजी रंग के बैग की तलाशी ली गई। सूटकेस से गांजा के 14 पैकेट, जबकि बैग से तीन पैकेट बरामद किए गए।कुल 17 पैकेटों में 17.274 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा को विधिवत जब्त कर लिया है।
भोजपुर का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गांव का रहने वाला बताया गया है।पुलिस ने उसके पास से एक नीले रंग का आईफोन भी बरामद किया है।
गांजा की खेप कहां से आई, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे जुगसलाई में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
