हेमंत सोरेन का आज जन्मदिन, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं; जानिए मुख्यमंत्री का राजनीतिक सफर

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज, 10 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखी जीवन की कामना की।

पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए हेमंत सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।

ओम बिरला और शिवराज सिंह चौहान ने भी दी शुभकामनाएं

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी झारखंड के मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

रामगढ़ के नेमरा गांव में हुआ जन्म

हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त 1975 को झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था। वह झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और वरिष्ठ आदिवासी नेता शिबू सोरेन के पुत्र हैं। उन्होंने झारखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और राज्य के प्रमुख आदिवासी नेताओं में शामिल हुए।

2009 में शुरू हुआ संसदीय राजनीतिक सफर

हेमंत सोरेन के संसदीय राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2009 में हुई, जब वह झारखंड से राज्यसभा सदस्य बने। सितंबर 2010 में उन्हें झारखंड का उपमुख्यमंत्री बनाया गया और वह जनवरी 2013 तक इस पद पर रहे।इसके बाद वर्ष 2013 में झामुमो, राजद और कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व करते हुए उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

पहली बार 2013 में बने मुख्यमंत्री

हेमंत सोरेन का मुख्यमंत्री के रूप में पहला कार्यकाल 13 जुलाई 2013 से 23 सितंबर 2014 तक रहा। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में वह दुमका सीट से चुनाव हार गए, जबकि बरहेट विधानसभा सीट से उन्होंने जीत दर्ज की।जनवरी 2015 में उन्हें झारखंड विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया।

2019 में दूसरी बार संभाली मुख्यमंत्री की कमान

वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुमत मिला। हेमंत सोरेन ने दुमका और बरहेट दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।वर्ष 2022 में उन्होंने झारखंड विधानसभा में विश्वास मत भी सफलतापूर्वक हासिल किया। पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से हेमंत सोरेन झारखंड की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Exit mobile version