Jharkhand: गोमिया में बंद कमरे से पुलिस वर्दी में युवक का सड़ा-गला शव बरामद, पहचान पत्र की जांच में जुटी पुलिस

बोकारो: जिले के आईईएल थाना क्षेत्र के बैंक मोड़ पर रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब डोली पैलेस के एक बंद कमरे से पुलिस वर्दी पहने युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मामला डोली पैलेस के कमरा नंबर 106 का है। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
फरवरी से किराए पर रह रहा था युवक
मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद के अनुसार, मृतक ने 22 फरवरी 2026 को खुद को मेजर बताते हुए कमरा नंबर 106 किराए पर लिया था। इसके बाद से वह लगातार इसी कमरे में रह रहा था।मकान मालिक ने बताया कि 3-4 अगस्त को बकाया किराया मांगने के सिलसिले में उनकी मृतक से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका फोन नहीं उठा और कोई संपर्क नहीं हो सका।रविवार सुबह अपार्टमेंट का चौकीदार साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसे कमरे से काफी तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसकी सूचना मकान मालिक को दी गई, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में पुलिस वर्दी पहने एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है और काफी खराब अवस्था में था। शव के काला पड़ जाने के कारण पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत कुछ दिन पहले हुई होगी।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान कई दस्तावेज बरामद किए। कमरे से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सुभाष अशोक धूमल के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के सतारा जिले का रहने वाला बताया गया है।इसके अलावा कमरे से ‘क्राइम प्रिवेंशन इन्वेस्टिगेशन काउंसिल’ के नाम का एक आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक का नाम दर्ज है।
पुलिस वर्दी और आईडी कार्ड ने खड़े किए सवाल
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक वास्तव में किसी सरकारी एजेंसी, सेना या सुरक्षा संगठन से जुड़ा था या उसने फर्जी पहचान बताकर कमरा किराए पर लिया था।बरामद आईडी कार्ड की सत्यता की भी जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के दस्तावेजों, उसके संपर्कों और कमरे से मिले अन्य सामान की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।फिलहाल आईईएल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई तथा पुलिस वर्दी और कथित संगठन के आईडी कार्ड का वास्तविक संबंध क्या है।



