प्रयागराज : लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार, 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का देशभर के 250 से अधिक स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि अन्य शहरों के छात्र भी इस संवाद का हिस्सा बन सकें।
250 से अधिक ‘स्टूडेंट्स गूंज पार्क’ बनाए जाएंगे
युवा कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए देशभर में 250 से अधिक स्थानों पर अस्थायी ‘स्टूडेंट्स गूंज पार्क’ बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर छात्र और युवा एकत्र होकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख छात्र केंद्रों में एलईडी स्क्रीन लगाने की तैयारी की गई है।हालांकि, बाढ़ प्रभावित राज्यों को फिलहाल इस अभियान से बाहर रखा गया है।
शिक्षा और भर्ती के मुद्दों पर राष्ट्रीय संवाद का दावा
युवा कांग्रेस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य प्रयागराज में होने वाली चर्चा को देशभर के छात्रों तक पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक तथा सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर संवाद शुरू करना है।युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार शिक्षा व्यवस्था की खामियों और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा उठाते रहे हैं।
दूर बैठे छात्र भी बनेंगे कार्यक्रम का हिस्सा
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दूसरे शहरों में मौजूद छात्र भी इस संवाद से जुड़ सकेंगे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को सामूहिक आवाज मिलेगी।वहीं, युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया चेयरमैन मनु जैन ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और राहुल गांधी से जुड़े विषयों को सोशल मीडिया पर दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि यदि ऑनलाइन माध्यमों पर आवाज दबाई जाएगी तो संगठन सीधे छात्रों के बीच जाकर संवाद करेगा।
राहुल गांधी ने युवाओं से प्रयागराज पहुंचने की अपील की
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रयागराज वह शहर है जहां बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।उन्होंने अपने संदेश में पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में देरी, लंबा इंतजार और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
केपी ट्रस्ट ने दोबारा दी कार्यक्रम की अनुमति
राहुल गांधी के ‘गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने पहले जारी अनुमति निरस्तीकरण आदेश को वापस लेते हुए निर्धारित शर्तों के साथ कार्यक्रम की दोबारा अनुमति दे दी है।ट्रस्ट अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन से मिली अनुमति के आधार पर कांग्रेस पार्टी निर्धारित शर्तों के तहत कार्यक्रम आयोजित कर सकती है।
कांग्रेस ने सुरक्षा और नियमों के पालन का दिया आश्वासन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट को लिखित आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के दौरान मैदान और परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही खेल गतिविधियों में बाधा न आए, इसके लिए मैदान के सीमित हिस्से का ही उपयोग किया जाएगा।कांग्रेस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि कार्यक्रम के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट अथवा किसी अन्य न्यायालय के आदेशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।
