Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जेपीएससी आंदोलन पर राहुल गांधी का समर्थन, बोले- छात्रों के हक की लड़ाई में आवाज उठाना जरूरी

रांची। झारखंड में जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और छात्रों के मुद्दों पर सरकारों को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।राहुल गांधी के इस बयान के बाद आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

‘झारखंड के छात्रों ने मुझसे समर्थन मांगा’

वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें झारखंड के छात्रों की ओर से कई संदेश मिले हैं, जिनमें छात्रों ने अपने आंदोलन के समर्थन की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने हक और अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि वे पहले भी कोटा और देहरादून समेत कई स्थानों पर शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर अपनी चिंता व्यक्त कर चुके हैं।

‘सरकार किसी की भी हो, शिक्षा पर आवाज उठानी होगी’

राहुल गांधी ने कहा कि आज शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है और शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र में किसी भी दल की सरकार हो या किसी राज्य में कांग्रेस अथवा क्षेत्रीय दल की सरकार, छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सभी को जवाबदेह होना चाहिए।उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है।

14 दिनों से आंदोलन पर डटे हैं छात्र

गौरतलब है कि झारखंड में छात्र पिछले 14 दिनों से राज्य सिविल सेवा परीक्षा (14वीं जेपीएससी ) में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन में शामिल कई छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं।

छात्रों की प्रमुख मांगें हैं—

14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द की जाए।
पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।
कथित रूप से नौकरी बेचने और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

सीआईडी कर रही है मामले की जांच

राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंपी है। जांच एजेंसी अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार लोगों में परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के कर्मचारी, कथित दलाल और अन्य आरोपी शामिल हैं।सीआईडी का कहना है कि जांच जारी है और पूरे नेटवर्क के साथ इस कथित परीक्षा गड़बड़ी के मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button