Jharkhand: 6 अगस्त से शुरू होगा झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र, 7 अगस्त को आएगा पहला अनुपूरक बजट

रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त 2026 से शुरू होकर 12 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं। सत्र में महत्वपूर्ण विधायी कार्यों के साथ-साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।

7 अगस्त को पेश होगा पहला अनुपूरक बजट

राज्य सरकार मानसून सत्र के दूसरे दिन यानी 7 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। इस सत्र के दौरान राज्य के विकास, वित्तीय प्रबंधन और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों एवं विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है।

विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक

सत्र शुरू होने से पहले बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मानसून सत्र का संचालन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करना था।बैठक में कार्यवाही के बेहतर संचालन, समय प्रबंधन और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में शामिल हुए कई प्रमुख नेता

सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, जेएलकेएम विधायक जयराम महतो, आजसू विधायक निर्मल महतो तथा लोजपा विधायक जनार्दन पासवान सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों ने मानसून सत्र को गरिमापूर्ण, रचनात्मक और सुचारू रूप से चलाने में सहयोग का आश्वासन दिया।

Exit mobile version