NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: अमेठी अंकित कश्यप हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुकाई यादव पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

गौरीगंज में अंकित कश्यप हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुकई यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी कर ली है।

पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में चर्चित अंकित कश्यप हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार दोपहर टिकरिया के पास पुलिस और मुख्य आरोपी सुकई यादव के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

एसपी बोले- सभी नामजद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि अंकित हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सात विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मुख्य आरोपी के फरार होने के कारण लगातार दबिश दी जा रही थी।उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो चुकी है। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले की विवेचना अभी भी जारी है।

हत्या के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

सोमवार रात हुई हत्या के बाद मृतक अंकित कश्यप के पिता की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में मुख्य आरोपी सुकई यादव, सुंदर यादव समेत चार नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।

अंतरजातीय प्रेम विवाह बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित कश्यप ने वर्ष 2023 में पड़ोस की युवती श्वेता यादव से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे।प्रारंभिक जांच के अनुसार, इसी विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। पुलिस फिलहाल इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जारी है।

पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया अंकित

बताया जा रहा है कि अंकित कुछ दिन पहले अपनी पत्नी को दिल्ली में छोड़कर गांव आया था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। अंकित अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर हुआ था प्रदर्शन

हत्या के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस, पीएसी और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया था।मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि एहतियात के तौर पर गांव में अभी भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button