BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 88 लीटर शराब और पैकेजिंग सामग्री बरामद

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध और नकली शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान तैयार नकली शराब के साथ बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि तुरियाबेड़ा इलाके में अवैध रूप से नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में टीम ने बिट्टू कुमार महतो के अर्धनिर्मित मकान पर छापेमारी की।

88 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद

कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब बरामद की। इनमें लगभग 70 लीटर रंगीन नकली शराब तथा दो कार्टन में पैक करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब शामिल है।

बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री भी जब्त

छापेमारी के दौरान शराब निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री भी बरामद की गई। जब्त सामान में विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क,बोतलों के ढक्कन,फ्रंट और रियर लेबल,कैरामेल (रंग और फ्लेवर के लिए) और नकली शराब तैयार करने में प्रयुक्त अन्य सामग्री शामिल हैं।

आरोपी फरार, मामला दर्ज

उत्पाद विभाग के अनुसार, फैक्ट्री में तैयार नकली विदेशी शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। मामले में रिफ्यूजी कॉलोनी, संकोसाई रोड नंबर-1 निवासी बिट्टू महतो के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

अभियान रहेगा जारी

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि नकली शराब से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button