Jharkhand: जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर सीआईडी की 18 ठिकानों पर रेड, छात्रों ने 6 अगस्त को विधानसभा घेराव का किया ऐलान

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्र बिना मंच और टेंट के लगातार धरने पर डटे हुए हैं। दूसरी ओर, मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग ने राज्यभर में एक साथ 18 स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

सीआईडी ने 18 ठिकानों पर की छापेमारी

सीआईडी ने कांड संख्या 16/2026 की जांच के तहत रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद समेत राज्य के विभिन्न जिलों में छापेमारी की।छापेमारी में लैपटॉप और मोबाइल फोन,विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक,अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी,एडमिट कार्ड,मार्कशीट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।सीआईडी के अनुसार, सभी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विस्तृत जांच की जाएगी।

आरोपी अभय तिवारी को लेकर नए खुलासे

जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी अभय तिवारी ने वर्ष 2013 से 2018 के बीच कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लिया था। इनमें शामिल हैं पुलिस अवर निरीक्षक परीक्षा,बीएआरसी भर्ती,आईआरबी कांस्टेबल,सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल,एनसीएल भर्ती,जेएसएससी परीक्षाएं,जेपीएससी एसीएफ, एफआरओ , एफएसओ ,संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा। सीआईडी ने संबंधित भर्ती एजेंसियों से आवेदन पत्र, मूल्यांकन अभिलेख, चयन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

छात्रों का आंदोलन जारी, विधानसभा घेराव का ऐलान

रांची में छात्र लगातार छठे दिन भी धरने पर बैठे रहे। उनका आरोप है कि जेपीएससी परीक्षा में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं और निष्पक्ष जांच के साथ परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित की जाए।छात्रों ने 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।

कॉकरोच जनता पार्टी ने दिया समर्थन

छात्र आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। कॉकरोच जनता पार्टी ने आंदोलन का समर्थन करते हुए छात्रों की मांगों को जायज बताया।पार्टी के अभिजीत दिपके ने वीडियो कॉल के माध्यम से छात्रों से बातचीत की और कहा कि स्वास्थ्य ठीक होते ही वे रांची पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे।

सरकार पर बढ़ा दबाव

लगातार जारी छात्र आंदोलन और सीआईडी की कार्रवाई के बीच झारखंड सरकार पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। अब सभी की नजर 6 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव और जांच की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Exit mobile version