Jharkhand: पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालु कर रहे जलाभिषेक

देवघर: सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देर रात से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों कांवरिया और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

देर रात से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार

पहली सोमवारी के विशेष अवसर पर श्रद्धालु देर रात से ही मंदिर पहुंचने लगे। जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। कतारबद्ध होकर श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास द्वारों सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वरिष्ठ अधिकारी कर रहे लगातार निगरानी

जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था की पल-पल निगरानी की जा रही है और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित कतार व्यवस्था का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा कर्मियों व प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।पहली सोमवारी के अवसर पर पूरे देवघर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क और चाक-चौबंद नजर आई।

Exit mobile version