Bihar INFACTNews

Bihar: मंत्री लखेंद्र पासवान के सामने एससी -एसटी अनुदान में ₹50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप, फोन कॉल में कथित मांग की रिकॉर्डिंग वायरल

पटना: बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान के सामने अनुसूचित जाति एवं जनजाति अनुदान योजना में कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एक फरियादी ने मंत्री से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि अनुदान की राशि जारी करने के लिए उससे ₹50 हजार की मांग की जा रही है।

मंत्री की मौजूदगी में कराया गया फोन, कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग चर्चा में

शिकायत मिलने के बाद मंत्री लखेंद्र पासवान ने फरियादी से संबंधित व्यक्ति को तत्काल फोन लगाने को कहा। फरियादी ने मंत्री की मौजूदगी में कथित डाटा ऑपरेटर को फोन किया।आरोप है कि फोन पर डाटा ऑपरेटर ने कहा कि ₹50 हजार मिलने के बाद ही अनुदान की राशि खाते में भेजी जाएगी। इस बातचीत की कथित रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसकी चर्चा हो रही है।

मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

बताया जा रहा है कि संबंधित डाटा ऑपरेटर सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा क्षेत्र में कार्यरत है। फोन पर हुई कथित बातचीत के बाद मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल बात कर कर्मचारी को निलंबित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए।

‘भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं’

मंत्री लखेंद्र पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शिकायतकर्ता उनकी मौजूदगी में आया था और उसी समय फोन पर बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान पैसे मांगने की बात सामने आने के बाद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जांच शुरू, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button