Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में मतदान के बीच फॉर्च्यूनर से ₹1.17 लाख नकद बरामद, पुलिस जांच में जुटी

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान गुरुवार को मतदान के बीच पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फॉर्च्यूनर कार से ₹1.17 लाख नकद बरामद किए। पुलिस फिलहाल नकदी के स्रोत और उसके उपयोग की जांच कर रही है।सुबह से जारी मतदान के दौरान पहले चार घंटे में 12 प्रतिशत से भी कम मतदान दर्ज किया गया। मौसम अनुकूल होने के बावजूद राजनीतिक माहौल काफी गर्म बना हुआ है।

जांच के दौरान कार से मिले ₹1.17 लाख

उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में पीरबहोर थाना पुलिस ने भवर पोखर के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान कार में सवार रामकृष्णा नगर निवासी एक युवक के पास से ₹1.17 लाख नकद बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह निजी कार्य के लिए यह राशि लेकर जा रहा था।

नकदी के स्रोत की हो रही जांच

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पीरबहोर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नकदी के स्रोत और उसके उपयोग की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी कार्यालय के सोशल मीडिया विंग के अनुसार, उपचुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकदी ले जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन की जांच की गई।

मतदान के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज

उधर, मतदान के दौरान जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर और राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। दोनों नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा है। वहीं भाजपा ने भी इन आरोपों का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर पर पलटवार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button