Bihar: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ, 32,388 पदों पर होगी नियुक्ति

पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने TRE-4 शिक्षक भर्ती 2026 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया है। शिक्षा विभाग ने भर्ती के लिए बिहार लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेज दी है। अब जल्द ही आयोग की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती अभियान विकसित बिहार के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
किस कक्षा के लिए कितने पद?
TRE-4 भर्ती के तहत कुल 32,388 पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है—
कक्षा 11-12: 16,101 पद
कक्षा 6-8: 8,563 पद
कक्षा 9-10: 3,877 पद
कक्षा 1-5: 3,847 पद
जल्द जारी हो सकता है BPSC नोटिफिकेशन
हाल के दिनों में शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन भी देखने को मिला था। ऐसे में सरकार द्वारा BPSC को अधियाचना भेजे जाने को बड़ा फैसला माना जा रहा है। अब आयोग जल्द ही भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम और आवेदन की तारीखों की घोषणा कर सकता है।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा लाभ
शिक्षा विभाग का मानना है कि नई नियुक्तियों से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा मिलेगी और लंबे समय से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा।



