रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकुड़ जिले के मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक मुकाबले में टीम ने लोहरदगा को 1-0 से हराकर राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों का किया सम्मान
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने समाहरणालय में खिलाड़ियों और उनके कोच को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने के निर्देश
उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि भविष्य में वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
शिक्षा और खेल विभाग ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत एवं जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी खिलाड़ियों, कोच और विद्यालय परिवार को बधाई दी। सभी अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
