भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। टीम इंडिया ने यह मुकाबला 35 रन से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जिसके बाद भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन ही बना सकी।
वैभव सूर्यवंशी ने खेली 81 रन की शानदार पारी
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए।इसके बाद ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी कर टीम की पारी संभाली। ईशान किशन ने 26 गेंदों पर 29 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 49 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर 27 रन और रिंकू सिंह ने 14 गेंदों में 25 रन की तेज़ पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने दो विकेट हासिल किए।
मयंक यादव की घातक गेंदबाजी, जिम्बाब्वे 157 रन पर रुका
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए।डियोन मेयर्स ने 19 और बेन करन ने 20 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान सिकंदर रजा लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हुए।जिम्बाब्वे के लिए रयान बर्ल ने 43 गेंदों पर 54 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।भारत की ओर से मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए और जीत के नायक बने।
भारत ने पूरे सीरीज में दिखाया दबदबा
टीम इंडिया ने तीनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।
पहला टी20: भारत ने 126 रन का लक्ष्य 7 विकेट से हासिल किया।
दूसरा टी20: भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रन बनाए और जिम्बाब्वे को 90 रन से हराया।
तीसरा टी20: भारत ने 35 रन से जीत दर्ज कर सीरीज 3-0 से अपने नाम की।
पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को एक भी मैच जीतने का मौका नहीं दिया।
