BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाजयुमो का जेपीएससी कार्यालय घेराव, बैरिकेडिंग तोड़ मुख्य द्वार तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मंगलवार को रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया। प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में हजारों की संख्या में युवा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मार्च करते हुए जेपीएससी कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया।

बैरिकेडिंग तोड़कर जेपीएससी कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान जेपीएससी कार्यालय के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। प्रदर्शनकारी सरकार और जेपीएससी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया।

वाटर कैनन और आंसू गैस वाहन रहे तैनात

संभावित तनाव को देखते हुए जेपीएससी कार्यालय और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस वाहन भी मौके पर तैयार रखे गए।

बाबूलाल मरांडी ने परीक्षा प्रक्रिया पर उठाए सवाल

प्रदर्शन से पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर 14वीं जेपीएससी परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम जारी किया गया, लेकिन उस पर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर तक नहीं हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट उपलब्ध नहीं कराई गई और सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी का भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब प्रशासनिक अधिकारियों का चयन करने वाली संस्था की कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में हो, तो युवाओं का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने युवाओं से आंदोलन में शामिल होकर पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह भर्ती प्रक्रिया की मांग को मजबूत करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button