Jharkhand: 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेगा भाजपा युवा मोर्चा

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर झारखंड सरकार एवं झारखंड लोक सेवा आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय घेरने का ऐलान
आदित्य साहू ने घोषणा की कि इन कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में 22 जुलाई को सुबह 10:00 बजे रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम (कचहरी के समीप) में विशाल एकत्रीकरण किया जाएगा। इसके बाद कार्यकर्ता और अभ्यर्थी जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेंगे।
युवाओं और अभ्यर्थियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य के सभी युवाओं, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और जागरूक नागरिकों से इस आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के अधिकारों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
जेपीएससी और सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं, जिससे अभ्यर्थियों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।



