Gujrat : मासूम लड़की के रेप और मर्डर के आरोपी एनकाउंटर में ढेर, चाकू से पुलिस पर हमला करने के जवाबी कार्रवाई में मारा गया

आनंद/वासद (गुजरात) : गुजरात के आनंद जिले के वासद में साढ़े चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोपी सुरेश परमार की सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। आनंद पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस कस्टडी से भागने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। जवाबी और आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियों से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उल्टी आने का बहाना बनाकर रुकवाई पुलिस वैन

आनंद के पुलिस अधीक्षक जी. जी. जसानी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लोकल क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी सुरेश परमार को री-क्रिएशन और साक्ष्य जुटाने के लिए ले जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने अचानक सीने में घबराहट और उल्टी आने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन को रुकवाया। गाड़ी से जैसे ही वह नीचे उतरा, उसने पहले से छिपाकर रखा एक धारदार चाकू निकाला और अचानक दो पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

आत्मरक्षा में की गई फायरिंग

एसपी के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस सब-इंस्पेक्टर आई. जे. राणा ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए त्वरित कदम उठाया। पीएसआई राणा ने आरोपी को रुकने की चेतावनी देते हुए पहले हवा में फायरिंग की और फिर उसके पैर में गोली मारी।पैर में गोली लगने के बावजूद खूंखार आरोपी रुका नहीं और पुलिसकर्मियों पर लगातार हमला करता रहा। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में दोबारा फायरिंग की। आरोपी के सीने में चार गोलियां लगीं, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दरिंदगी की पुष्टि; आदतन अपराधी था सुरेश

इस एनकाउंटर से पहले बच्ची की आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया था। रिपोर्ट में आधिकारिक पुष्टि हुई कि मासूम बच्ची की मौत दुष्कर्म के दौरान आई गंभीर और जानलेवा चोटों के कारण हुई थी। घटना के बाद से ही पूरे गुजरात में भारी जन-आक्रोश था और लोग आरोपी को फांसी या एनकाउंटर देने की मांग कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक आरोपी सुरेश परमार एक आदतन और शातिर अपराधी था। उसके खिलाफ पहले से दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामले दर्ज थे और वह कई अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों में भी नामजद आरोपी रह चुका था।

नियमानुसार शुरू हुई जांच; जनता कर रही पुलिस की तारीफ

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने नियमानुसार एनकाउंटर के सभी पहलुओं की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।वहीं, मासूम बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले दरिंदे का एनकाउंटर होने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर आम जनता आनंद पुलिस और एलसीबी टीम की तत्परता की जमकर तारीफ कर रही है। लोगों का कहना है कि मासूम को त्वरित न्याय मिला है।

Exit mobile version