Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम में नव नियुक्त सहायक आचार्यों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम, उपायुक्त ने सौंपे पदस्थापन पत्र

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में नव नियुक्त सहायक आचार्यों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने नव नियुक्त शिक्षकों को पदस्थापन पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने सभी शिक्षकों से जिम्मेदारी, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता : उपायुक्त

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सभी सहायक आचार्य कठिन परिश्रम और संघर्ष के बाद इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण भी करते हैं। इसलिए सभी शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने वाले शिक्षकों को समाज में हमेशा सम्मान मिलता है।

जहां भी पदस्थापना मिले, पूरी निष्ठा से करें कार्य : नागेंद्र पासवान

उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि नव नियुक्त शिक्षकों की पेशेवर यात्रा आज से शुरू हो रही है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि शहरी हो या ग्रामीण क्षेत्र, जहां भी उनकी पदस्थापना हो, वहां पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को शिक्षकों से काफी अपेक्षाएं हैं और जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षण से जुड़े विषयों पर दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त सहायक आचार्यों को विभागीय कार्यप्रणाली, विद्यालय प्रबंधन, शैक्षणिक दायित्वों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

सभी शिक्षकों को दिलाई गई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

कार्यक्रम के समापन पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी नव नियुक्त सहायक आचार्यों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version