Jharkhand: 3 लाख की फिरौती के लिए अगवा 5 वर्षीय बच्ची बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची में पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा की गई मासूम बच्ची को पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के महज 12 घंटे के भीतर बिहार के गया से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बच्ची की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
गया जंक्शन के पास होटल से मिली बच्ची
यह घटना 16 जुलाई को दलादली टीओपी (नगड़ी थाना) क्षेत्र के सपारोम की है। अपहरण की सूचना मिलते ही रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने बिहार पुलिस के सहयोग से गया जिले में 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद गया जंक्शन के पास स्थित एक होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पड़ोसी बनकर एक महीने तक करता रहा रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा करीब एक माह पहले बच्ची के घर के बगल में किरायेदार बनकर रहने आया था। इस दौरान उसने परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी और उनका विश्वास जीत लिया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी उसी इलाके में एक सीमेंट फैक्ट्री में काम कर चुका था। बच्ची के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और आरोपी ने इसे अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए कमजोरी के रूप में इस्तेमाल किया।
मां से पैसे मांगे, मना करने पर बच्ची को ले गया
जांच के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी ने बच्ची की मां से अपने घर जाने के लिए 5 हजार रुपये मांगे। जब मां ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। इसके बाद वह खादगढ़ा बस स्टैंड से बस के जरिए गया पहुंचा, जहां उसने अपने दो साथियों सचिन कुमार और मोनु कुमार को बुला लिया।
तीनों ने बच्ची को एक होटल में छिपाकर उसकी मां से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी। आरोपियों ने बच्ची की हत्या कर शव फेंक देने की धमकी भी दी। इस दौरान पीड़िता से ऑनलाइन 5 हजार रुपये भी दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर ट्रांसफर करवा लिए गए।
पूछताछ में किया सनसनीखेज दावा
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि यदि फिरौती की रकम नहीं मिलती तो वह बच्ची को मुजरा बाजार में बेच देता और यदि ऐसा भी संभव नहीं होता तो पहचान छिपाने के लिए उसकी हत्या कर देता।हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने इस मामले में गया (बिहार) के दिग्गी कोंच निवासी रमेश कुमार मिश्रा, गया के खजुरी निवासी सचिन कुमार और जहानाबाद के मखदमपुर निवासी मोनु कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।



