रामगढ़। झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल पतरातू डैम को गुरुवार को पर्यटन विकास की दिशा में बड़ी सौगात मिली। राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने पतरातू डैम परिसर में नवनिर्मित म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया।इस अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद रहे।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला राज्य है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि पतरातू डैम पहले से ही पर्यटकों का पसंदीदा स्थल रहा है और अब म्यूजिकल फाउंटेन तथा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट जैसी नई सुविधाओं के जुड़ने से इसकी लोकप्रियता और बढ़ेगी।
म्यूजिकल फाउंटेन बनेगा प्रमुख आकर्षण
नवनिर्मित म्यूजिकल फाउंटेन में संगीत, रंग-बिरंगी रोशनी और पानी के फव्वारों का समन्वित प्रदर्शन पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। शाम के समय प्रस्तुत होने वाला यह शो पतरातू डैम की खूबसूरती में नया आयाम जोड़ेगा।
फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में मिलेगा अनोखा अनुभव
डैम के जलाशय के बीच बने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते हुए भोजन का लुत्फ उठा सकेंगे।रेस्टोरेंट के दो हिस्सों का नाम ‘मयूराक्षी’ और ‘कोयल’ रखा गया है। यहां पारिवारिक समारोह, कॉर्पोरेट मीटिंग और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी सुविधा उपलब्ध होगी।
स्थानीय लोगों के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। होटल, परिवहन, खान-पान, हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन आधारित व्यवसायों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।सरकार का लक्ष्य झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों को सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करना है।
स्वच्छता और पर्यटक सुविधाओं पर विशेष जोर
उद्घाटन के बाद मंत्री ने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और म्यूजिकल फाउंटेन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग को बढ़ी उम्मीदें
पर्यटन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से पतरातू डैम आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे रामगढ़ जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और झारखंड की पर्यटन पहचान भी मजबूत होगी।
