Jharkhand: पुलिस गश्ती दल पर पथराव मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, गश्ती वाहन भी किया था क्षतिग्रस्त

धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र स्थित कतरास मोड़ पर पुलिस गश्ती दल पर पथराव और हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 12 जुलाई की है, जब सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था।मामले की जानकारी सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने प्रेसवार्ता के दौरान दी।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोकने पर भड़के आरोपी

एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कतरास मोड़ स्थित एक लाइसेंसी अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर कुछ युवक कार के बोनट पर बैठकर खुलेआम शराब पी रहे हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया, तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी।

पुलिस पर पथराव, कई जवान घायल

विवाद के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि इसके बाद पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जिससे गश्ती वाहन का शीशा टूट गया और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पांच आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त

घटना के बाद झरिया थाना कांड संख्या 150/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोनू कुमार भुईया,राजेश भुईया,आनंद गुलगुलिया,लेवलटी गुलगुलिया और विजय भुईयां को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

शराब दुकानदारों से पुलिस की अपील

एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने लाइसेंसी शराब दुकानों के संचालकों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर किसी भी व्यक्ति को शराब पीने की अनुमति न दें।उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है और ऐसी घटनाओं पर पुलिस आगे भी सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी।

Exit mobile version