सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र में टाटा-रांची हाईवे (एनएच-33) पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दुबाराजपुर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान समल महतो ने तोड़ा दम
मृतक की पहचान समल महतो (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चौका के कुर्ली गांव का निवासी था। हादसे के बाद समल महतो, जगतू महतो और बिमल महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान समल महतो की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
कुर्ली गांव में पसरा मातम
समल महतो की मौत की खबर मिलते ही कुर्ली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
