Bihar: वैशाली के रजासन गांव में रास्ते के विवाद में दो लोगों की गोली मारकर हत्या

बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजासन गांव में रविवार तड़के रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद के बीच एक युवक ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक भारतीय सेना का जवान भी शामिल है।

मृतकों में सेना का जवान भी शामिल

मृतकों की पहचान मुनारीक राय और उनके भतीजे जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर अपने गांव आए थे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और परिवार में मातम का माहौल है।

रास्ते के विवाद में हुई वारदात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की वजह रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद बताया जा रहा है। इसी विवाद के दौरान आरोपी भतीजे ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया।मामले की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार भी अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

गांव में तनाव, पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई

दोहरे हत्याकांड के बाद रजासन गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version