Uttar Pradesh: ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार, बोले — “दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल को याद करें सपा अध्यक्ष”

कानपुर: उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून-व्यवस्था, दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों और चुनावी नतीजों पर विपक्ष के बयानों को लेकर सपा पर पलटवार किया।

“सपा सरकार में अपराधी खुलेआम घूमते थे, अखिलेश अपने कार्यकाल पर डालें नजर”

दिल्ली में हुए हालिया विरोध-प्रदर्शनों और महिला सुरक्षा से जुड़े सवालों पर जब अखिलेश यादव द्वारा यूपी की व्यवस्था पर टिप्पणी किए जाने की बात पूछी गई, तो ओमप्रकाश राजभर भड़क उठे। राजभर ने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले सपा प्रमुख को अपने पुराने शासनकाल पर भी एक नजर डालनी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान आम लोगों के साथ सड़कों पर बदसलूकी आम बात थी, अपराधी और माफिया खुलेआम असलहा लेकर घूमते थे और जनता में भय का माहौल रहता था। उन्होंने दो टूक कहा कि विपक्ष को अपने पुराने कार्यकाल के काले अध्यायों का भी जवाब देना चाहिए।

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को घेरा; लोकसभा चुनाव नतीजों का दिया हवाला

विपक्ष द्वारा लगातार लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों और विरोध प्रदर्शनों पर तंज कसते हुए सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव लंबे समय से सत्ता से बाहर हैं और उन्हें चुनावी नतीजों को खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए।2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने सबको जनादेश दिया है—सपा के 37 और कांग्रेस के 6 सांसद चुने गए, जबकि 2019 में 303 सीटें जीतने वाली भाजपा 2024 में 240 सीटों पर रही। राजभर ने सवाल उठाया कि जब चुनाव में अलग-अलग दलों को इतनी सीटें मिली हैं, तो अपनी हार के बाद वोट चोरी का रोना रोकर प्रदर्शन करने का कोई औचित्य नहीं बचता।

अखिलेश यादव को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की दी खुली चुनौती

संवाददाताओं से बातचीत में ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को राजनीतिक चुनौती भी दे डाली। “यदि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने चुनाव लड़ने से हिचकते हैं, तो वे पहले गाजीपुर जिले की जहूराबाद विधानसभा सीट पर आकर मुझसे मुकाबला कर लें।”उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले अखिलेश यादव को उनसे चुनावी मैदान में मुकाबला करना चाहिए, उसके बाद ही किसी अन्य बड़े नेता से मुकाबले की बात सोचनी चाहिए।राजभर के इन तीखे बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है।

Exit mobile version