मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर मेगास्टार मुंबई स्थित अपने घर ‘जलसा’ के बाहर जमा प्रशंसकों से मिलने पहुंचे। उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस सुबह से ही घर के बाहर जुटे थे। अमिताभ बच्चन ने अपनी रविवार की पुरानी परंपरा को जारी रखते हुए हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। उन्हें सामने देखकर फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा था।
40 साल से जारी है फैंस से मिलने की परंपरा
अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर हर साल उनके प्रशंसक मुंबई स्थित उनके घर ‘जलसा’ के बाहर पहुंचते हैं। वे फूल-मालाएं लेकर अपने पसंदीदा अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हैं। अमिताभ भी अपने चाहने वालों से मिलने बाहर आते हैं और उनका अभिवादन स्वीकार करते हैं।इस बार भी बिग बी को देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी। कई लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। अमिताभ ने हाथ जोड़कर और मुस्कुराते हुए सभी का आभार जताया।
पारंपरिक अंदाज में नजर आए अमिताभ बच्चन
जन्मदिन के मौके पर अमिताभ बच्चन पारंपरिक परिधान में नजर आए। उन्होंने गहरे मैरून रंग का कुर्ता पहना था और उसके ऊपर कश्मीरी कानी पश्मीना शॉल ओढ़ी थी। अपने खास चश्मे और कलाई पर बंधे केसरिया धागे के साथ बिग बी का अंदाज प्रशंसकों को खूब पसंद आया।अमिताभ बच्चन और उनके प्रशंसकों के बीच यह खास जुड़ाव दशकों पुराना है। हर साल जन्मदिन पर जलसा के बाहर होने वाला यह मिलन उनके चाहने वालों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता।
कमल हासन से चिरंजीवी तक, सितारों ने दी बधाई
अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन पर फिल्म जगत और अन्य क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कमल हासन, चिरंजीवी, प्रभास और सुनील शेट्टी समेत कई सितारों ने मेगास्टार को जन्मदिन की बधाई दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।अमिताभ बच्चन भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित अभिनेताओं में शामिल हैं। उनके लंबे फिल्मी करियर और अभिनय ने कई पीढ़ियों के दर्शकों पर अपनी छाप छोड़ी है।
‘कल्कि 2’ और ‘सेक्शन 84’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर नजर
काम के मोर्चे पर अमिताभ बच्चन के पास कई प्रोजेक्ट्स हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल ‘कल्कि 2’ से जुड़े काम में व्यस्त हैं। इसके अलावा कोर्टरूम ड्रामा ‘सेक्शन 84’ भी उनके आगामी प्रोजेक्ट्स में शामिल है।
