Jharkhand: दुर्गा पूजा पंडालों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में दुर्गा पूजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अहम निर्देश जारी किया है। जिले के सभी दुर्गा पूजा पंडालों के 100 मीटर के दायरे को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में धूम्रपान, तंबाकू उत्पादों और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल ने इस संबंध में सूचना जारी कर श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

पूजा पंडालों के आसपास नियमों का पालन कराना होगा सुनिश्चित

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जारी निर्देश में सभी दुर्गा पूजा समितियों को पंडाल परिसर के आसपास तंबाकू निषेध नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करता है, तो इसकी जानकारी संबंधित थाने को देनी होगी।पुलिस को भी अपने स्तर से नियमों का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि पूजा के दौरान तंबाकू मुक्त क्षेत्र के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

पंडालों में लगाने होंगे तंबाकू निषेध के पोस्टर-बैनर

तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत सभी पूजा समितियों को पंडालों में ‘गैर धूम्रपान क्षेत्र’ और ‘तंबाकू मुक्त परिसर’ से संबंधित पोस्टर-बैनर लगाने होंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के बीच ‘तंबाकू को ना कहें’ अभियान का प्रचार-प्रसार भी करना होगा।स्वास्थ्य विभाग ने तंबाकू की लत से छुटकारा पाने के लिए नशामुक्ति टोल फ्री नंबर 1800-11-2356 का प्रचार करने का भी निर्देश दिया है, ताकि जरूरतमंद लोग इस सुविधा की जानकारी प्राप्त कर सकें।

कोटपा अधिनियम के तहत लागू रहेगा प्रतिबंध

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह प्रतिबंध सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 4 के तहत लागू किया गया है। इसका उद्देश्य पूजा पंडालों के आसपास धूम्रपान पर रोक लगाना और श्रद्धालुओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के प्रति जागरूक करना है।स्वास्थ्य विभाग ने पूजा समितियों और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और दुर्गा पूजा के दौरान तंबाकू मुक्त वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

Exit mobile version