Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा ने किया नामांकन, मुकाबला हुआ त्रिकोणीय

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (एनडीए) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद सीट रिक्त होने के कारण कराया जा रहा है।

नामांकन से पहले मां का लिया आशीर्वाद

नामांकन दाखिल करने से पहले अभिषेक सिन्हा ने घर से निकलते समय अपनी मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मां भावुक हो गईं, जिसे देखकर अभिषेक सिन्हा भी भावुक नजर आए।इसके बाद उन्होंने अपने पिता नवीन किशोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा।

बांकीपुर के विकास का संकल्प

नामांकन के बाद अभिषेक सिन्हा ने कहा कि उनका उद्देश्य बांकीपुर के विकास को नई गति देना है।उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

भाजपा का पारंपरिक गढ़ मानी जाती है बांकीपुर सीट

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। इस सीट से नितिन नवीन और उनके पिता नवीन किशोर कई बार विधायक चुने जा चुके हैं।राजनीतिक हलकों में अभिषेक सिन्हा को नितिन नवीन का करीबी और उनकी पसंद का उम्मीदवार माना जा रहा है।

भाजपा में 27 वर्षों का संगठनात्मक अनुभव

अभिषेक सिन्हा कायस्थ समाज से आते हैं, जिसका बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उल्लेखनीय मतदाता आधार माना जाता है।भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष,पूर्व पटना महानगर अध्यक्ष,भाजपा संगठन में 27 वर्षों का अनुभव और पटना मंडल में मंत्री और महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें भाजपा के उभरते कायस्थ नेताओं में भी गिना जाता है।

त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

बांकीपुर उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।मुख्य मुकाबले में भाजपा (एनडीए): अभिषेक कुमार सिन्हा,राजद: रेखा गुप्ता और जन सुराज: प्रशांत किशोर।राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है, जिन्हें 2025 के विधानसभा चुनाव में 45 हजार से अधिक वोट मिले थे। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

भाजपा ने जताया जीत का भरोसा

नामांकन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया कि बांकीपुर में भाजपा उम्मीदवार की जीत तय है।उन्होंने कहा कि बांकीपुर के घर-घर में भाजपा का सीधा संबंध है और एनडीए के सभी घटक दल पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। उनके अनुसार अन्य दलों के उम्मीदवार मुख्य रूप से दूसरे स्थान के लिए या वोटों का बंटवारा करने के उद्देश्य से मैदान में हैं।

प्रतिष्ठा की सीट बनी बांकीपुर

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह उपचुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। ऐसे में अभिषेक सिन्हा के सामने पार्टी के इस पारंपरिक गढ़ को बरकरार रखने की बड़ी चुनौती होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button