रांची। झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव से प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को करीब पांच से छह घंटे तक पूछताछ की। दूसरे समन के बाद वह सुबह करीब 11 बजे रांची स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां एजेंसी के अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर उनसे सवाल-जवाब किए। पूछताछ पूरी होने के बाद वह कार्यालय से बाहर निकल गए।
एक दिन पहले बेटे रोहित उरांव से भी हुई थी पूछताछ
इससे पहले सोमवार को ईडी ने रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से भी पूछताछ की थी। सूत्रों के अनुसार, दोनों से हुई पूछताछ के दौरान एजेंसी को जांच से जुड़े कई महत्वपूर्ण इनपुट और जानकारियां मिली हैं।
दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच
सूत्रों के मुताबिक, अब ईडी पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी। हालांकि, एजेंसी की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पूछताछ किस विशेष मामले से संबंधित है। इस संबंध में ईडी ने कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया है।
