Uttar Pradesh:भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचेंगे नितिन नवीन, दो दिवसीय दौरे में संगठन को देंगे चुनावी मंत्र

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचेंगे। उनके दो दिवसीय दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह दौरा राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भव्य स्वागत और रोड शो की तैयारी

प्रदेश भाजपा कार्यालय के अनुसार, नितिन नवीन शनिवार सुबह करीब 11 बजे हवाई मार्ग से लखनऊ पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा, कृष्णा नगर, आलमबाग, टीएन चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

संगठनात्मक बैठकों पर रहेगा फोकस

प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। हाल ही में घोषित प्रदेश भाजपा टीम के साथ वह आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे और संगठन को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

योगी आदित्यनाथ समेत वरिष्ठ नेताओं से करेंगे मुलाकात

शाम को नितिन नवीन लखनऊ विश्वविद्यालय के सामने स्थित हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा सांसदों, विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके अलावा भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी के साथ भी उनकी महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।बाद में वह पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे और मुख्यमंत्री के साथ रात्रिभोज में शामिल होंगे।

रविवार को शक्ति केंद्र संयोजकों को देंगे चुनावी संदेश

दौरे के दूसरे दिन रविवार को नितिन नवीन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से संवाद करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे।दोपहर में वह राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।इसके बाद वह बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के पीर नगर स्थित आवास पर पहुंचकर बूथ स्तर की गतिविधियों और संगठन के कार्यों की जानकारी भी लेंगे।

Exit mobile version