Bihar: प्रेमी के घर धरने के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

बिहार के बेतिया जिले के बगहा शहर में शुक्रवार को एक युवती के हाई-वोल्टेज ड्रामे से हड़कंप मच गया। उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती अपने प्रेमी द्वारा साथ रखने से इनकार किए जाने के बाद दो दिनों से उसके घर के बाहर धरने पर बैठी थी। जब कोई समाधान नहीं निकला तो वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

सिकंदराबाद में हुई थी मुलाकात, प्रेम विवाह का दावा

जानकारी के अनुसार, युवती उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की रहने वाली है, जबकि युवक बगहा के पटखौली थाना क्षेत्र के मंगलपुर औसानी गांव का निवासी है। दोनों की मुलाकात सिकंदराबाद में एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदली और दोनों ने कथित तौर पर प्रेम विवाह कर लिया।युवती का आरोप है कि शादी के बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहे, लेकिन कुछ समय बाद युवक अपने गांव लौट आया और उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद वह युवक की तलाश करते हुए बगहा पहुंची।

दो दिन धरने पर बैठी, फिर चढ़ गई मोबाइल टावर के ऊपर

युवती पिछले दो दिनों से प्रेमी के घर के बाहर रहकर उससे बातचीत की कोशिश कर रही थी। जब कोई समाधान नहीं निकला तो शुक्रवार सुबह वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहां से शोर मचाने लगी। टावर पर युवती को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा

घटना की सूचना मिलने पर पटखौली थाना अध्यक्ष उत्पल कांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा और उसे थाने ले गई।

दोनों पक्षों की काउंसलिंग, जांच जारी

पटखौली थाना पुलिस के अनुसार, युवती पूरी तरह सुरक्षित है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। युवती के परिजनों को भी बुलाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version